ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर पुलिस ने सोमवार को पलटन बाजार और गांधी रोड से अस्थाई अतिक्रमण हटवाए। एसपी सिटी की अगुवाई में पुलिस ने दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर करवाया। कार्रवाई के दौरान हंगामा करने पर एक दुकानदार का शांति भंग में चालान किया गया। वहीं एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने पुलिस उपाधीक्षकों से रोजाना अपने-अपने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रदीप राय ने सोमवार सुबह शहर कोतवाल बीबीडी जुयाल को साथ लेकर अग्रसेन चौक से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की। कार्रवाई में गांधी रोड, इनामुल्ला बिल्डिंग, तहसील चौक और पलटन बाजार में फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया गया। इसी दौरान नफीस नाम के एक दुकानदार ने हंगामा किया तो पुलिस ने शांति भंग में चालान कर दिया। हालांकि कार्रवाई के चलते कई दुकानदारों ने खुद ही सामान हटा लिया। एसपी ने दुकानदारों को चेताया कि भविष्य में यदि फुटपाथ पर सामान रखा मिला तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने जिलेभर के पुलिस उपाधीक्षकाें को अपने-अपने क्षेत्र में रोजाना पैदल भ्रमण कर मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट शाम को उपलब्ध कराने को कहा।
सायरन बजा, लेकिन एक्शन नहीं: पुलिस अधीक्षक प्रदीप राय ने सोमवार को गांधी रोड स्थित एसबीआई बैंक के अंदर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्हाेंने ड्यूटी के प्रति सतर्क न मिलने पर गार्ड से नाराजगी जताई। चेकिंग के दौरान बैंक का सायरन तो बज गया, लेकिन कर्मचारी किसी तरह के एक्शन में नजर नहीं आए। एसपी ने कहा कि सायरन बजने के बाद कर्मचारियों को क्या करना है, यह पता होना चाहिए। उन्होंने बैंक प्रबंधक को कर्मचारियाें को प्रशिक्षित करने को कहा।