ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति की ओर से 14 जनवरी को निकाली जाने वाली जगन्नाथ रथयात्रा के प्रचार के लिए रविवार सुबह नगर संकीर्तन निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। नगर संकीर्तन में भगवान जगन्नाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। संकीर्तन में शामिल भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
18वीं प्राचीन श्री जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले सुबह नेहरू कॉलोनी में नगर संकीर्तन निकाला गया। ‘हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे’ के उद्घोष के साथ निकले नगर संकीर्तन का जगह-जगह स्वागत किया गया। श्री श्याम सुंदर मंदिर पटेल नगर से भक्त नगर परिक्रमा में शामिल हुए। इस दौरान भूपेंद्र चड्डा, हेमा, डॉली ने ‘सांवरिया आ जा, सांवरिया आ जा’ समेत तमाम भजन सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य ट्रस्टी राम कुमार अग्रवाल ने कहा कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर परेड मैदान से सुबह 10 बजे जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर अजय भटनागर, सुशील, ओमप्रकाश सूरी, पुष्पा अग्रवाल, डॉ.अखिल गुप्ता, संजय भटनागर, आशीष गौड़, अवधेश सक्सेना, गोविंद मोहन, यशपाल, ज्योति गुप्ता, राजकुमार आदि मौजूद रहे।