जोशीमठ। बारिश से सोमवार देर रात बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे नौ घंटे बाद मंगलवार को सुचारु हो गया। तीर्थयात्रियों को सुबह हाईवे खुलने के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। वहीं भूस्खलन जोन पर हिल साइड अटके बोल्डर और पत्थर यहां अभी भी खतरे का सबब बने हैं।
जिले में सोमवार रात 10 बजे से बारिश शुरू हुई थी, जिससे रात साढ़े ग्यारह बजे बदरीनाथ हाईवे के लामबगड़ में भारी मलबा आने से हाईवे बाधित हो गया था। मंगलवार सुबह छह बजे भूस्खलन जोन पर तीर्थयात्रियों के वाहनों के पहुंचने के बाद बीआरओ ने हाईवे से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद साढ़े आठ बजे बीआरओ ने हाईवे पर आया मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई। वहीं लामबगड़ जोन के हिल साइड अभी भी पहाड़ी पर अके बोल्डर और पत्थर खतरे का सबब बने हैं। भूस्खलन जोन पर दोनों ओर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है। यहां पुलिस की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक-रोक कर की जा रही हैैै। बीआरओ के कमांडर आर सुुब्रहमण्यम का कहना है कि लामबगड़ जोन पर यातायात सुचारु रखने के लिए मशीनें और मजदूर तैनात किए गए हैं। हाईवे को अधिक समय तक बाधित नहीं रहने दिया जाएगा।