अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर जिलाधिकारी दीपक रावत ने सिंचाई खंड हरिद्वार के अधिशासी अभियंता और राजस्व अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ बैरागी कैंप कनखल की सिंचाई विभाग के स्वामित्व की आरक्षित कुंभ मेला भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश देते हुए डीएम ने कांवड़ मेले से पूर्व अतिक्रमण नहीं हटाने पर उनके विरुद्ध और भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने 14 जून को मेला क्षेत्र बैरागी कैंप का निरीक्षण किया था। इस दौरान सरकारी मेला भूमि पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण देखकर वह दंग रह गए थे। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अगले आदेशों तक सिंचाई विभाग के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्दश दिए हैं। कांवड़ मेले से पहले अतिक्रमण हटाने का निर्देश देते हुए अन्य कार्रवाई की भी चेतावनी दी। ऐसी कार्रवाई किसी भी जिलाधिकारी ने पहली बार की है। जिलाधिकारी दीपक रावत की इस कार्यवाही से सिंचाई विभाग के अफसरों में हडकंप मच गया। इसका असर भी यह देखने को मिला।
सिंचाई विभाग ने बृहस्पतिवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की योजना बनाई है। अधिशासी अभियंता डीके सिंह ने जिलाधिकारी और एसएसपी को 29 जून तक चलने वाले अभियान की कार्ययोजना भेजते हुए मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।