श्रीनगर। शराब की दुकान के विरोध के दौरान एसडीएम और पुलिस पर अभद्रतापूर्ण व्यवहार का आरोप लगाते हुए आंदोलित महिलाओं ने महिला आयोग में शिकायत की है। राज्य महिला आयोग को भेजे ज्ञापन में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एसडीएम व पुलिस की ओर से धक्का-मुक्की और महिलाओं को अमर्यादित तरीके से घसीटे जाने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को आंदोलनकारी महिलाओं ने महिला आयोग को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में महिलाओं ने शिकायत की कि 9 जून को शराब की दुकान के विरोध के दौरान एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने महिलाओं को अमानवीय तरीके से घसीटा। महिलाओं का कहना था कि वह करीब एक महीने शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए महिलाओं के साथ अमानवीय पूर्ण अभद्र व्यवहार किया। महिलाओं ने महिला आयोग को ज्ञापन भेज इस संबंध में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
..............
>> हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। तहसील प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने 9 जून को आंदोलित महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
सुरजी उनियाल, आंदोलनकारी महिला
>> महिलाओं के साथ की गई बर्बरता पूर्ण पुलिस कार्रवाई पूरी तरह अमानवीय है। आंदोलित महिलाओं को अपराधियों की तरह घसीटा गया। महिलाओं के स्वाभिमान को ठेस पहुंची है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेशमा, आंदोलित छात्रा
>> गलत कार्य का विरोध करने का हक हमें संविधान में दिया है, लेकिन हमारे हक को दबाया जा रहा है। पुलिस व प्रशासन शराब कारोबारियों के साथ खड़ी दिख रही है। महिलाओं के साथ किए गए व्यवहार के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी जाएगी।
राजेश्वरी देवी, आंदोलित महिला।
>> महिलाओं के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार की शिकायत महिला आयोग से की गई है। प्रशासन ने हमारी भावनाओं को आहत किया है।
यशोदा, आंदोलित महिला
...........
आबकारी विभाग का फूंका पुतला
श्रीनगर। शराब की दुकान का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों ने आबकारी विभाग का पुतला फूंका। आंदोलनकारियों का कहना था कि आबकारी विभाग जन भावनाओं के विपरीत कार्य कर रहा है।
रिर्पोट दर्ज न करने पर भड़के आंदोलनकारी
श्रीनगर। ठेके के विरोध में प्रदर्शन के दौरान एक शराब खरीददार द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता की गई, जिसकी शिकायत करने महिलाएं थाने पहुंची। लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। उन्होंने महिलाओं को महिला थाने रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। इस पर महिलाएं भड़क गई और पुलिस के साथ देर तक बहस चलती रही।