फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुड़की और मंगलौर सर्किल में 30 पुलिसकर्मियों को डेंगू, अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा उपचार

Thu, 31 Oct 2019 09:57 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुड़की

सार

  • देहरादून, रुड़की और हरिद्वार के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा उपचार
  • पुलिसकर्मियों को डेंगू होने पर एसपी देहात कार्यालय से की जा रही हैं छुट्टियां
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रुड़की और मंगलौर सर्किल में 30 से अधिक पुलिसकर्मियों के डेंगू की चपेट में आने से पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। सभी पुलिसकर्मियों का रुड़की, हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

विज्ञापन


डेंगू होने के चलते एसपी देहात कार्यालय में छुट्टियों के लिए प्रार्थनापत्रों के ढेर लग रहे हैं। बीमार पुलिसकर्मियों को एसपी देहात की ओर से अवकाश दिया जा रहा है। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। मंगलवार को रुड़की देहात क्षेत्र में दो लोगों की डेंगू से मौत हो गई थी।

वहीं, डेंगू के मच्छर ने अब खाकी को भी डंक मार दिया है। रुड़की और मंगलौर सर्किल में पिछले 15 दिनों में 30 से अधिक पुलिसकर्मी डेंगू की चपेट में आए हैं। सभी को रुड़की, हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को डेंगू होने के बाद अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
विज्ञापन


एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने जिले के सभी थानों और कोतवाली प्रभारियों को परिसर समेत सरकारी क्वार्टरों में सफाई रखने व दवा छिड़काव कराने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं, देहात क्षेत्र के थानों और कोतवाली में तैनात सिपाहियों को डेंगू होने के चलते छुट्टियों के लिए एसपी देहात नवनीत सिंह के पास लगातार प्रार्थनापत्र आ रहे हैं।

कई सिपाहियों ने डेंगू होने पर पहले छुट्टियां दी गई थीं, अब ये सिपाही डेंगू के बाद कमजोरी आने पर आराम के लिए छुट्टियां मांग रहे हैं। एसपी देहात कार्यालय की ओर से भी उन्हें आराम के लिए कुछ दिन की और छुट्टियां बढ़ा दी जा रही हैं।
 

तीन की हालत गंभीर

डेंगू से पीड़ित तीन सिपाहियों की हालात गंभीर बताई जा रही है। दो सिपाही हरिद्वार और एक का देहरादून के अस्पताल में उपचार चल रहा है। तीनों सिपाहियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्लेटलेट्स चढ़ाई गई हैं। सिविल लाइंस कोतवाली से कई सिपाही और दरोगा ने हरिद्वार, देहरादून पहुंचकर खून दिया है। बताया जा रहा है कि प्लेटलेट्स चढ़ने के बाद एक सिपाही की हालत में कुछ सुधार है। 

परिवार पर भी डेंगू का कहर

जिन सिपाहियों को डेंगू हुआ है, उनके परिवार के कुछ सदस्यों को भी डेंगू हो गया। बताया जा रहा है कि सिविल लाइंस कोतवाली में तीन से चार सिपाहियों की पत्नियों को डेंगू की पुष्टि हुई है। इनका भी उपचार देहरादून और हरिद्वार में चल रहा है। डेंगू होने के बाद कोतवाली व थानों में साफ सफाई और दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। 

थानों और कोतवाली में गंदगी की भरमार

जिले के थानों और कोतवाली में साफ सफाई की व्यवस्था सही तरीके से नहीं होती है। इतना ही नहीं कोतवाली परिसरों में ही लावारिस और अन्य टू व्हीलर वाहन खड़े रहते हैं। कई जगहों पर टायर और अन्य सामान पड़ा रहता है, जिनमें पानी भरा रहता है। इस पानी में डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं। इन मच्छरों के काटने से भी डेंगू फैलता है। 

फिलहाल रुड़की और मंगलौर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों को डेंगू होने की कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। इन सिपाहियों की रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। 
- गुरनाम सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी, हरिद्वार

रुड़की और मंगलौर क्षेत्र में तैनात 30 सिपाहियों को डेंगू हुआ है। इन सिपाहियों को हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग अस्पताल में उपचार चल रहा है। उपचार और आराम के लिए सिपाहियों की छुट्टियां की जा रही हैं। 
- नवनीत सिंह, एसपी देहात

थमने लगा डेंगू का कहर, 11 नए मरीज आए सामने

मौसम में ठंड के घुलने के साथ ही डेंगू का प्रकोप भी कम होने लगा है। डॉक्टरों के अनुसार तापमान में गिरावट के चलते अब डेंगू मच्छर का लार्वा और वायरस धीरे-धीरे निष्क्रिय हो रहा है। दून अस्पताल में बुधवार को 52 मरीजों के रक्त की एलाइजा जांच की गई। इसमें से 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। 

बता दें, जिले में बीते करीब चार महीने से डेंगू बुखार ने कहर मचा रखा है। सरकारी आंकड़ों पर विश्वास करें तो इस सीजन में अब तक जिले में छह लोगों की डेंगू बुखार से मौत हो चुकी है और 4811 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि डेंगू से मौतों और इससे पीड़ित मरीजों का असल आंकड़ा कई ज्यादा बताया जा रहा है।

अब बीते कुछ दिन से तापमान में गिरावट के साथ ही डेंगू के मरीज कम होने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। बुधवार को दून अस्पताल में 52 मरीजों के रक्त सैंपल की एलाइजा जांच की गई। इसमें से 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई।

राजकीय गांधी शताब्दी अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉ. प्रवीण पंवार ने बताया कि तापमान 15 डिग्री से कम होने पर डेंगू मच्छर का लार्वा और उसका वायरस निष्क्रिय होने लगता है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि जिले के विभिन्न अस्पतालों में अब डेंगू के मरीज बहुत कम आ रहे हैं। उन्होंने अपील की है कि फिर लोग इसे लेकर एहतियात जरूर बरतें।

डेंगू के 99 मरीजों की रिपोर्ट देहरादून से आई, संख्या पहुंची 557 

हरिद्वार के मरीजोें के एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 99 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस रिपोर्ट के आने के बाद अब डेंगू के मरीजों की संख्या 557 तक पहुंच गई है। जबकि संदिग्ध मरीजों की संख्या 1280 तक पहुंच गई है। डेंगू से पीड़ित मरीजों के मामले लगातार सामने आने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। जबकि अस्पतालों के हालात यह है कि मरीज भर्ती करने के लिए बिस्तर तक नहीं है।

डेंगू के मरीजों के हरिद्वार के साथ-साथ देहरादून के अस्पतालों में भारी संख्या में इलाज कराया है। इसमें देहरादून के सीएमओ ने अक्तूबर में भर्ती हुए डेंगू के 99 मरीजों की रिपोर्ट भेजी है। इस रिपोर्ट के मिलने के बाद एलायजा रिपोर्ट के अनुसार हरिद्वार जनपद में 557 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जबकि संदिग्ध मरीजों की संख्या 1280 तक पहुंच गई है।

डेंगू के मरीजों के मामले लगातार आने पर अस्पतालों में भर्ती करने के लिए बेड खाली नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब अभियान भी बंद हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अब डेंगू को नियंत्रण में होने की बात कह रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि डेंगू के नए मरीज कम आ रहे हैं, बल्कि पुराने मरीजों के ही मामले हैं। दीपावली के बाद से डेंगू का लार्वा बामुश्किल ही पनपेगा।
विज्ञापन

रुद्रपुर सीपीयू के दो दरोगाओं को भी डेंगू 

रुद्रपुर में तैनात सीपीयू के दो दरोगा भी डेंगू की चपेट में आ गए हैं। दोनों का शहर के निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सीपीयू के दरोगा प्रकाश चंद्र और सतपाल पटवाल को डेंगू की शिकायत थी। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मालूम हो कि इससे पूर्व रुद्रपुर कोतवाली के एक दरोगा समेत 16 पुलिस कर्मी भी डेंगू की चपेट में आए थे। 

स्वास्थ्य विभाग के शिविर में ग्रामीणों का हंगामा
वहीं हरिद्वार जिले के नारसन कलां गांव स्थित आर्य समाज मंदिर में नारसन सीएचसी की ओर से लगाए गए शिविर में डेंगू किट आदि न होने को लेकर ग्रामीणों ने काटा हंगामा।  नारसन क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बुखार कहर बरपा रहा है। मोहम्मदपुर जट्ट, बूढ़पुर जट्ट, ब्रह्मपुर जट्ट, खेड़ाजट्ट, उल्हेड़ा, नंगला कोयल, नारसन कलां, कुवाहेड़ी और टिकोला कलां गांव में सैकड़ों ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं।

भाकियू गढ़वाल मंडल के महामंत्री अरविंद राठी का कहना है कि शिविर के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ग्रामीण उपेंद्र कुमार, तेजपाल, गुरु दत्त त्यागी, सौरभ, मनोज, अमरेश, सरोज, संजो, राजू व तेजवीर आदि ने बताया कि गांव में संदिग्ध बुखार कहर बरपा रहा है।

स्वस्थ विभाग की ओर से गांव में किसी दवा का छिड़काव नहीं किया गया है। इसके चलते बुखार बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर नारसन सीएचसी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक गर्ग का कहना है कि शिविर के दौरान डेंगू की जांच के लिए जो किट आनी थी, उसे आने में थोड़ी देर हो गई, जिससे लोग भड़क गए थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें