देश की प्रथम प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर मंगला देवी इंटर कॉलेज में महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान कार्यक्रम में स्कूल की सीनियर, जूनियर व प्राइमरी की 25 महिला शिक्षिकाओं व पांच महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रबंध समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने सम्मानित किया।
धस्माना ने कहा कि इंदिरा गांधी देश ही नहीं, दुनिया की महिलाओं के लिए प्रेरणा की स्रोत थी और हमेशा रहेंगी। इंदिरा गांधी को देश भक्ति और राष्ट्रप्रेम के संस्कार अपने माता-पिता व दादा से मिले थे। जब ऑक्सफोर्ड विवि से उच्च शिक्षा ग्रहण कर 1941 में भारत लौटी तो फिर सक्रिय रूप से स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हो गईं। कहा कि इंदिरा ने देश की आजादी के बाद अपने पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू के सहायक के रूप में काम करना सीखा। कहा कि 1971 के भारत-पाक के बीच हुए युद्ध में इंदिरा के कुशल नेतृत्व में सेना ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर एक लाख पाक सैनिकों से आत्मसमर्पण करवाया।
इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा में निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता थी और देश में जब उन्होंने गरीबी हटाओ का नारा दिया तो गरीबों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं शुरू हुईं। इस मौके पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष लोकेश बहुगुणा, प्रधानाचार्य गायत्री रावत, प्रवक्ता कुलदेही रावत, प्रवक्ता दिव्यांशु नौटियाल, मधु रावत, अंजुल बहुगुणा, शालिनी आदि मौजूद थे। संचालन प्रवक्ता कपूर सिंह पंवार ने किया।