ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। सस्ती बोलेरो खरीदने के लालच में एक चालक को एक लाख रुपये की चपत लग गई। ओएलएक्स वेबसाइट पर विज्ञापन अपलोड करने वाले ने गाड़ी दिखाने से पहले ही अपने खाते में रकम जमा करा ली, लेकिन गाड़ी दिखाने की बात पर टालता रहा। बात जब समझ आई तो पीड़ित चालन ने पुलिस से शिकायत की। उसके बाद पुलिस जांच में जुटी।
ठगी का शिकार पटेलनगर क्षेत्र निवासी पप्पू चौहान हुआ है। पप्पू मसूरी रूट पर टैक्सी चलाता है। करीब 20 दिन पहले उसने ओएलएक्स वेबसाइट पर एक बोलेरो का विज्ञापन देखा था। बेचने वाले ने इसकी कीमत 5.50 लाख रुपये लिखी हुई थी। गाड़ी का मॉडल नवंबर 2018 है। इस हिसाब से गाड़ी उसे दो से ढाई लाख रुपये सस्ती मिल रही थी। बेचने वाले ने कहा कि वह गाड़ी दिखाने से पहले अकाउंट में 40 हजार रुपये जमा कराना चाहता है, ताकि वह गाड़ी उनके लिए रोक कर रखे। इस पर पप्पू ने यह रकम जमा करा दी। थोड़े ही दिन के बाद उसने 60 हजार रुपये और जमा करा लिए। इस पर जब पप्पू ने गाड़ी देखने की बात कही तो उसने कहा कि बोलेरो दिल्ली के रूट पर गई हुई है। अब उसने कुछ दिनों से फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया। इस पर पीड़ित पप्पू ने एसएसपी से शिकायत कर दी। उसके बाद एसएसपी ने शिकायत को जांच के लिए पटेलनगर थाने भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।