ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राज्य के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्र के विद्यालयों में भी एनसीसी यूनिट खुलनी चाहिए। मैदानी क्षेत्रों के ज्यादातर विद्यालयों में यूनिट स्थापित हो गई हैं। अब अधिकारियों को चाहिए कि वे पहाड़ के विद्यालयों पर फोकस करें।
यह बात राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को ननूरखेड़ा स्थित एनसीसी मुख्यालय में 70वें स्थापना दिवस समारोह मेें कहीं। इस मौके पर एनसीसी कैडेट्स ने राज्य मंत्री को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पहाड़ के युवाओं को सेना भर्ती के दौरान लंबाई में छूट दिलाने के लिए प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से मिलकर अनुरोध किया गया है। इसके अलावा उन्होंने एनसीसी एकेडमी के लिए जमीन जल्द उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर डॉ. रावत ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीनियर डिविजन के देहरादून ग्रुप से मेजर अतुल सिंह, रुड़की ग्रुप से लेफ्टिनेंट प्रीति कुमारी, नैनीताल ग्रुप से लेफ्टिनेंट हेमचंद्र कबड़वाल, जूनियर डिविजन में देहरादून से चेतन प्रकाश बोरा, रुड़की से हर्षवर्धन और नैनीताल ग्रुप से चीफ अफसर डीएस कुंवर और दून से अंडर अफसर कौशल, सृष्टि रौतेला, मनीषा कार्की को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर महानिदेशक, एनसीसी उत्तराखंड, मेजर जनरल सुधीर बहल, निदेशक कर्नल प्रशांत सरकार, कर्नल सौरभ शाह, लेफ्टिनेंट कर्नल अमनदीप सिंह, कर्नल बीपी बहुगुणा आदि मौजूद रहे।