ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कंबाइंड क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय मुकाबले के अंतिम दिन पवन सुंदरियाल के शानदार तिहरे शतक की बदौलत देहरादून रेड ने मुकाबला जीत लिया। दूसरी पारी में जीत के लिए मिले 868 रनों के लक्ष्य के जवाब में देहरादून ब्लू की पूरी टीम 461 रनों पर ढेर हो गई।
कुआंवाला स्थित दून क्रिकेट एकेडमी में पहले दिन देहरादून रेड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राहुल के 101 और रवि के 119 रनों की बदौलत कुल 378 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी देहरादून ब्लू की पूरी टीम 132 पर ढेर हो गई। सावन ने 26 और कुशाग्र ने 32 रन बनाए। रेड के विजय ने हैट्रिक समेत कुल चार विकेट चटकाए। पहली पारी के आधार पर देहरादून रेड को 246 रन की लीड मिली। देहरादून रेड ने दूसरी पारी में पवन के 194 गेंदों में बनाए गए 307 रनों की बदौलत 621 रन का स्कोर खड़ा किया। विजय ने 111 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में मिले 868 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए देहरादून ब्लू की पूरी टीम 461 रनों पर ढेर हो गई। कुशाग्र ने 118, आरको ने 61, रजत ने 54 और सावन ने 58, रोहित ने 55 रन बनाए। विजय ने दूसरी पारी में भी चार विकेट चटकाए।