ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
इकबालपुर-पुहाना मार्ग पर साइड देने को लेकर ट्रक चालकों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि ट्रक चालकों ने एक अन्य ट्रक चालक पर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में ट्रक चालक थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी के बुलंदशहर के थाना जहीराबाद के गांव शेखपुर रोरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र सरदार सिंह शुक्रवार को दिल्ली से ट्रक में सामान लेकर देहरादून के लिए निकला था। जैसे ही वह इकबालपुर-पुहाना मार्ग पर पहुंचा तो पीछे चल रहे ट्रक चालकों से साइड देने को लेकर विवाद हो गया। पीछे चल रहे ट्रक चालकों ने इकट्ठा होकर उसके साथ गाली गलौज कर दी। आरोप है कि गाली गलौज का विरोध करने पर ट्रक चालकों ने उसे घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। बुरी तरह मारपीट करने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। हमले में धर्मेंद्र सिंह गंभीर घायल हो गया। इसके बाद वह लहूलुहान हालत में भगवानपुर थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए भेजा। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मारपीट करने वाले ट्रक चालकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजीव चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।