उत्तरकाशी। स्वच्छ आइकॉनिक प्लेस योजना के तहत जोशियाड़ा बैराज झील के किनारे बनाए गए रीवर फ्रंट पार्क को ओपन एयर थिएटर के तौर पर विकसित किया जाएगा। सोमवार को गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने 24.32 लाख रुपये की लागत से थिएटर के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्क सौंदर्यीकरण के तहत यहां पौधरोपण भी किया गया।
बता दें कि डीएम डा.आशीष चौहान की पहल पर स्वच्छ आइकॉनिक प्लेस योजना के तहत ओएनजीसी एवं नगर पालिका की मदद से जोशियाड़ा बैराज झील के किनारे रीवर फ्रंट पार्क का निर्माण कराया गया है। अब इस पार्क को ओपन एयर थिएटर (एम्फी थिएटर) के तौर पर विकसित करने की योजना है। सोमवार को गंगोत्री विधायक ने थिएटर संबंधी कार्यों का शुभारंभ मौके पर निर्माण एजेंसी को एक माह के भीतर यह कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पार्क सौंदर्यीकरण के तहत यहां फिश टेल पॉल्म प्रजाति के पौधे रोपे।
जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच उत्तरकाशी में एक स्तरीय पार्क की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब यह पार्क तैयार होने पर लोग इस पार्क की सैर करने के साथ ही यहां सुकून के कुछ पल बिता सकेंगे। उन्होंने बताया कि पार्क के एक हिस्से में पार्किंग और दूसरे हिस्से में एम्फी थिएटर व कैफिटेरिया का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही यहां बच्चों के खेलकूद एवं मनोरंजन की व्यवस्था भी की जाएगी। डीएम ने जल संस्थान को पार्क में पानी और जल विद्युत निगम को बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्क की देखरेख एवं सुरक्षा के लिए पीआरडी के पांच जवान यहां तैनात करने को कहा। इसके बाद विधायक ने काशी विश्वनाथ मंदिर के पास पं.दीनदयाल उपाध्याय पार्क में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख चंदन पंवार, सीडीओ प्रशांत आर्य, एडीएम हेमंत वर्मा, विजयप्रताप भंडारी, एनके सिंह, हरीश सेमवाल, विजयपाल मखलोगा, जयवीर चौहान, अरविंद बिष्ट आदि मौजूद रहे।