ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मसूरी विधानसभा क्षेत्र की पेयजल संबंधी समस्याओं को दूर कराने के लिए मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मंगलवार को पेयजल सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी से वार्ता की। उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याएं सचिव के सामने रखते हुए जल्द समाधान की बात कही।
विधायक जोशी पेयजल सचिव को बताया कि बताया कि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत मसूरी क्षेत्र के लिए पेयजल विभाग से संबंधित घोषणाएं की थीं, जो अभी तक लंबित हैं। गढ़ी कैंट में ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक का निर्माण, मसूरी पेयजल योजना के तहत कोल्टी में तीनों स्टेज में पंपिंग प्लांट बदलने और राइजिंग मेन डालने की घोषणा की गई थी। जोशी ने इन घोषणाओं पर प्राथमिकता से कार्य करवाने को कहा। उन्होंने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजेंद्र नगर, धोरण और गुच्चूपानी में पेयजल की बहुत कमी है। लिहाजा नलकूपों का निर्माण बेहद जरूरी है। नया गांव में भी 20 दिनों से पेयजल किल्लत चल रही है।
इस पर सचिव पेयजल ने सीजीएस जल संस्थान को मौके पर जाकर समस्या हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पेयजल निगम की ओर से वार्ड पांच आर्य नगर के साकेत और मसूरी में 12 किमी सीवर लाइन का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ है। इससे भी स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। पेयजल सचिव ने विभागीय अधिकारियों को मसूरी में पेयजल की समस्या हल करने के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गनहिल स्थित टैंक की सुरक्षा की बात भी अधिकारियों के साथ साझा की। जलसंस्थान के मुख्य महाप्रबंधक एसके शर्मा, जल निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह, महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग, अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र, पार्षद भूपेंद्र कठैत मौजूद थे।