ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
अभिभावकों की शिकायत पर मुख्य शिक्षाधिकारी की अगुवाई में विभागीय टीम ने मांडूवाला स्थित लूसेंट पब्लिक स्कूल में छापेमारी की। इस दौरान टीम को स्कूल में तमाम खामियां मिली, जिस पर स्कूल प्रबंधन को मौके पर ही नोटिस जारी किया गया। विभाग की कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मचा रहा।
कुछ अभिभावकों ने मुख्य शिक्षाधिकारी एसबी जोशी को स्कूल प्रबंधन की ओर फीस को लेकर एक स्कीम के संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि स्कीम के तहत बच्चे के 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद धनराशि लौटाने की बात कही गई थी। आरोप लगाया था कि जब वह स्कीम के तहत रकम लौटाने की मांग की, तो स्कूल प्रबंधन ने इनकार कर दिया। आरोप है कि दबाव बनाने पर स्कूल बंद करने तक की चेतावनी दी गई। मुख्य शिक्षाधिकारी जोशी ने स्कूल प्रबंधक को वादे के मुताबिक धनराशि लौटाने के निर्देश दिए। इस दौरान टीम ने स्कूल के बोर्डिंग और किचन का भी निरीक्षण किया, जिसमें तमाम खामियां पायी गई। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी ने मौके पर ही नोटिस जारी कर दिया। साथ ही हिदायत दी कि यदि व्यवस्थाएं नही सुधारी गई तो मान्यता भी रद्द की जा सकती है।