ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल प्रोग्रेसिव स्कूल्स एसोसिएशन (पीपीएसए) प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान पीपीएसए ने सरकार से केवल एनसीईआरटी किताबें लागू करने के फैसले में शिथिलता की मांग की। अजय भट्ट ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस साल प्रदेश सरकार ने सभी सीबीएसई से संबद्ध निजी स्कूलों को केवल एनसीईआरटी पुस्तकें पढ़ाने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत स्कूलों के महंगी प्राइवेट पब्लिशर की रेफरेंस बुक्स पढ़ाने पर भी रोक लगा दी गई। मामले में स्कूलों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इसी क्रम में 50 से ज्यादा स्कूलों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्राइवेट किताबें बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले में उन्हें राहत दे। अजय भट्ट ने मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से वार्ता करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में पीपीएसए अध्यक्ष प्रेम कश्यप, एशियन स्कूल के निदेशक अमरजीत सिंह, स्कॉलर्स होम की प्रिंसिपल छाया खन्ना, डीएस मान, अजीत राना, बीपी उनियाल, एचके छाबड़ा, एके दास, सैमुअल जयदीप, युद्धिष्ठिर कुमार आदि शामिल रहे।