युवा वैज्ञानिकों ने 16 विषयों पर प्रस्तुत किए शोध पत्र
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से विज्ञान धाम में आयोजित 12वीं उत्तराखंड स्टेट साइंस एंड टेक्नोलॉजी कांग्रेस-2018 के बृहस्पतिवार को दूसरे दिन युवा वैज्ञानिक शोधार्थियों ने 16 विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। चयनित शोधार्थियों को ‘युवा वैज्ञानिक पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। समारोह का समापन शुक्रवार को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे।
युवा वैज्ञानिकों ने कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, जैव रसायन एवं सूक्ष्म जैविकीय वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान सह भू-विज्ञान, भू-भौतिकीय अभियान्त्रिकी विज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण विज्ञान एवं वानिकी, गृह विज्ञान पदार्थ एवं सूक्ष्मकण विज्ञान गणित, सांख्यकी आदि विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत किए। कई राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों ने युवा वैज्ञानिकों के शोध कार्यों की समीक्षा की।
विज्ञान कांग्रेस के आयोजन में ’इनोवेटर ऑफ द ईयर-2017’ पुरस्कार के लिए भी छह प्रतिभागियों ने अपने गैर औपचारिक एवं उपयोगी शोध कार्यों को विशेषज्ञ पैनल के सामने प्रस्तुत किया। इनमें से एक शोधार्थी को ‘वर्ष के अन्वेषक’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. राजेंद्र डोभाल, प्रो. जितेंद्र सिंह बोरा, प्रो. नवीन कुमार नवानी, प्रो. एसबी. बब्बर, प्रो. युवराज सिंह नेगी, प्रो. एपी डिमरी, डॉ. कृष्णा कुमार पांडे, डॉ. राकेश शाह, प्रो. नीरू शर्मा, प्रो. एचएस धामी, प्रो. सौदान सिंह, डॉ. एलपी सिंह, इंदु पुरी, प्रो. पीडी जुयाल, डा. बीपी सिंह आदि मौजूद रहे।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के प्रतीक चिन्ह दिए
इस वर्ष होने वाली तीन दिवसीय राज्य विज्ञान कांग्रेस में यूकॉस्ट ने सभी गणमान्य अतिथियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की थीम के प्रतीक चिन्ह दिए गए।