ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
वन आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र रामपुर मंडी में शनिवार को 97वें प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ हो गया। सत्र का शुभारंभ प्रमुख वन संरक्षक यमुना वृत्त मनीष मलिक ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
प्रमुख वन संरक्षक मनीष मलिक ने कहा कि एक वर्ष तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में वन आरक्षियों को कई दौर से गुजरना होगा। प्रशिक्षुओं को कड़ी मेहनत और अनुशासन का सबक सीखना होगा। इसके बाद प्रशिक्षण लेकर अपने कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन करना होगा। प्रमुख वन संरक्षक ने बताया कि प्रदेश का एक बड़ा भूभाग वन आच्छादित है। जिसकी जिम्मेदारी वन विभाग के कंधों पर है। ऐसे में प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात वन आरक्षी बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं। डीएफओ दीप चंद आर्य ने बताय कि प्रशिक्षण सत्र में 18 वन प्रभागों के 36 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस मौके पर एसडीओ सुबोध काला, गोविंद सिंह चौहान, जवाहर सिंह तोमर, सतेंद्र गुसांई, प्रदीप सक्सेना, एमपी बिजल्वाण आदि मौजूद रहे।