पथरिया पीर में सामुदायिक भवन जनता को समर्पित
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून।
विधायक गणेश जोशी ने नेशविला रोड स्थित वार्ड-7, विजय कॉलोनी के पथरिया पीर बस्ती में रविवार को नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक भवन के ऊपर शेड निर्माण कराने की भी घोषणा की। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने विधायक जोशी का आभार जताया। भवन विधायक निधि के 22 लाख रुपये से बना है।
विधायक जोशी ने कहा कि मसूरी क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। वित्तीय वर्ष 2017-18 के अंतर्गत विधायक निधि में अभी तक जारी 275 लाख रुपये के सापेक्ष 273 लाख से अधिक की धनराशि विकास कार्यों में लगाई गई है। सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को फायदा मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक वार्ड, ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक भवनों के निर्माण की कोशिश की जाएगी। इस दौरान पूनम नौटियाल, सुरेंद्र राणा, निरंजन डोभाल, महानगर उपाध्यक्ष आरएस परिहार, चमन लाल वाल्मीकि, मोहन बहुगुणा, सत्येंद्र नाथ, युवा मोर्चा अध्यक्ष समीर डोभाल, प्रदीप रावत, जुम्मन, भावना, दिनेश वाल्मीकि, मुकेश चनालिया, तमन राजौरिया, गोविंद राम राजौरिया, हरीश चंद्र, सुरेश पटेल, प्रवीन, महेंद्र जगपाल, मदन मोहन और दीपक कुमार मौजूद थे।