करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से सोलानी नदी पर बनाया गया पुल शोपीस बनकर रह गया है। पुल के आगे बड़ा बोर्ड लगाकर पुल के कंप्लीट होने का बोर्ड लगा दिया गया है। लेकिन पुल के दोनों ओर अप्रोच नहीं बनाई गई है। जिससे करोड़ों का यह पुल ग्रामीणों के लिए किसी काम का नहीं है।
भगवानपुर और सिकरोढ़ा सहित करीब 50 गांवों को जोड़ने के लिए सोलानी नदी पर एक पुल बनाया गया है। एक जनवरी 2015 को 540 मीटर लंबे इस पुल का काम शुरू हुआ था। करीब 35 करोड़ लागत से बनाया गए यह पुल कागजों में पूरा हो चुका है। यहां तक की पुल के पास ही एक बड़ा सा बोर्ड भी लगा दिया गया है। जिसमें पुल के पूरा होने की तिथि 30 जून 2017 लिखी गई है। लेकिन मौके पर अभी तक पुल कंप्लीट नहीं हुआ है। पुल के दोनों ओर अप्रोच नहीं बनाई गई है। जिससे पुल पर आवाजाही नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के लिए 35 करोड़ की लागत से बनाया गया है यह पुल सिर्फ शोपीस ही बना हुआ है। जिसके कारण ग्रामीणों में गहरा रोष है।