बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर से पहले बोल्डर आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे सैकड़ों यात्री मंगलवार को यमुनोत्री धाम के दर्शन नहीं कर पाए। वहीं प्रशासन का कहना है कि देर रात तक मार्ग खोल दिया जाएगा।
सोमवार को आधी रात भैरव मंदिर से पहले भारी चट्टान दरकने से बोल्डर बीच रास्ते पर आ गया, जिससे यमुनोत्री धाम के पैदल रास्ते पर आवाजाही बंद हो गई। लोनिवि के अधिकारी दोपहर तक भी मौके पर नहीं पहुंच पाए। इस बीच रास्ते पर भारी चट्टान को देखकर अधिकतर यात्री जानकीचट्टी लौट गए, तो कुछ जोखिम उठाकर यमुनोत्री धाम की ओर बढे़। जिला प्रशासन की ओर से बोल्डर तोड़ने के लिए मंगाई गई मशीन भी शाम तक वहां नहीं पहुंच पाई। इधर, एसडीएम बड़कोट रोहित मीणा का कहना है कि पुरोला से मशीन मंगवाई गई है। देर रात तक रास्ता खोल दिया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग बना होता तो नहीं होती दिक्कत
जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम जाने वाला पांच किमी का पैदल मार्ग पहली बार इस तरह से बोल्डर आने से बंद हुआ है, लेकिन आज अगर भिडियाली गाड़ से यमुनोत्री धाम तक जाने वाला ढाई किमी का वैकल्पिक मार्ग सही ढंग से बना होता, तो आज यात्रियों को दिक्कत नहीं उठानी पड़ती। बता दें कि इस वैकल्पिक मार्ग पर वन विभाग पिछले छह वर्ष में मरम्मतीकरण के नाम पर डेढ़ करोड़ खर्च कर चुका है, लेकिन मार्ग मानकों के अनुरूप नहीं बनने के कारण आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।