इंजीनियरिंग सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षा आज
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को आयोजित होने वाली इंजीनियरिंग सर्विसेज (प्रारंभिक परीक्षा) जिले के 12 परीक्षा केंद्रोें पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/नोडल अधिकारी वीर सिंह बुदियाल ने शनिवार को संबंधित विभागों के अफसरों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि संघ लोक सेवा आयोग के मानक के अनुसार परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता को हर हाल में बरकरार रखा जाए। उन्होंने परीक्षा से पूर्व परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था करने के साथ ही सुरक्षा के एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। बुदियाल ने निर्देशित किया कि परीक्षा भवन में दाखिल होने से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की जांच की जाए। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रानिक उपकरण मसलन, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि नहीं लेने दिया जाए। बैठक में संघ लोक सेवा आयोग के जिला प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। जिसके लिए जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न दो बजे से पांच बजे तक होगी।