ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने शनिवार को अधिकारियों के साथ शहर के तीन बालगृहों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने राजपुर रोड स्थित राइज हिमालय, किशनपुर स्थित दून सारथी सखा और तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम आदि बालगृहों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी मुरुगेशन ने बालगृहों में बच्चों को मुहैया कराई जा सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बच्चों की शिक्षा का खास ख्याल रखा जाए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से समस्याएं भी पूछीं। इस दौरान जिलाधिकारी मुरुगेशन ने उपस्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाने के साथ ही उन्हें मिड डे मील और किताबें मुहैया कराई जाएं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश्र्त किया कि बच्चों का समय समय पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। किसी भी बच्चे के बीमार होने की स्थिति में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही सीडब्लूसी, बाल कल्याण समिति के सदस्यों को जिले के तमाम बालगृहों, शिशु सदनों, बालिका सदनों की निगरानी मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमलता भट्ट, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके सिंह आदि मौजूद रहे।