ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
निकाय चुनाव के लिए नामांकन करने के अंतिम दिन हरिद्वार नगर निगम से मेयर पद के लिए सात और लोगों ने नामांकनपत्र दाखिल किया। भाजपा की अन्नु कक्कड़ और कांग्रेस की अनिता शर्मा ने मंगलवार को भी पर्चा भरा। उत्तराखंड क्रांति दल, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के पर्चा भरने के साथ कुल नौ लोगों ने नामांकनपत्र भरा।
मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन था। सुबह से ही रोशनाबाद क्लक्ट्रेट में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। कांग्रेसी प्रदेश सचिव पूनम भगत और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज जैन की पत्नी पायल जैन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोगी है। पूनम भगत ने उम्मीद जताई कि अभी भी मेयर के नाम पर दिल्ली में मंथन चल रहा है। नाम वापसी तक उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनका ही नामांकन कांग्रेस के बैनर पर होगा। पायल जैन ने नामांकन पत्र जमा करने के उपरांत कहा कि उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी के रूप में ही नामांकन पत्र दाखिल किया है। उन्हें उम्मीद है कि पार्टी उन्हें ही अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगी। भाजपा के लिए राहत वाली खबर है कि मेयर पद के लिए पार्टी से कोई बागी मैदान में नहीं है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी से हेमा भंडारी, उत्तराखंड क्रांति दल से सरिता पुरोहित, बहुजन समाज पार्टी से निर्मला देवी, निर्दलीय शीबा खान और संगीता ने नामांकन किया। दूसरी तरफ शिवालिकनगर पालिका से मंलगवार को भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा, बहुजन समाज पार्टी से धनपाल धीमान, निर्दलीय किरन सिंह, उपेंद्र कुमार, रघुवीर सिंह पंवार, देवकीनंदन पुरोहित और संजीव चौधरी ने नामांकन किया। यहां से भी नामांकन करने वालों की संख्या नौ है।