ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित दो दर्जन से अधिक योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए केंद्र सरकार की कामन रिव्यू मिशन टीम अगले महीने राज्य का दौरा करेगी। एनएचएम अधिकारियों का कहना है कि केंद्र की टीम हरिद्वार और उत्तरकाशी का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा के साथ ही धरातल पर उनकी स्थिति को भी परखेगी।
एनएचएम के राज्य परियोजना निदेशक एवं अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि कामन रिव्यू मिशन टीम सितंबर के पहले सप्ताह में उत्तराखंड आ रही है। टीम में शामिल विशेषज्ञ हरिद्वार और उत्तरकाशी में एनएचएम के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की समीक्षा करेगी। टीम जननी सुरक्षा योजना, जननी सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, मदर एंड चाइल्ड ट्रैकिंग रिप्रोडक्टिव हेल्थ केयर प्रोग्राम और परिवार कल्याण कार्यक्रम समेत तमाम स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करेगी। दूसरी ओर दौरे के मद्देनजर एनएचएम से जुड़े अफसरों ने योजनाओं की समीक्षा शुरू कर दी है ताकि टीम के सामने यह साबित हो सके कि योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। बता दें कि कामन रिव्यू मिशन टीम की ओर से तैयार रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी जाती है। उसी के आधार पर तमाम योजनाओं के लिए बजट जारी करने की योजना तैयार होती है।