जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे मंगलवार को मारवाड़ी पुल के समीप चट्टान का एक हिस्सा टूटने से करीब एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। सुबह इस दौरान हाईवे के दोनों ओर से यात्रा वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
जोशीमठ क्षेत्र में लगातार बारिश से मारवाड़ी से लामबगड़ तक बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह खतरनाक बना हुआ है। जोशीमठ से लामबगड़ तक हाईवे चट्टानी भाग से होकर गुजरता है। कई जगहों पर चट्टान से पत्थर छिटककर हाईवे पर आ रहे हैं। मंगलवार को मारवाड़ी पुल के समीप सुबह दस बजे अचानक चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान यहां किसी यात्रा वाहन की आवाजाही नहीं हो रही थी, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। हाईवे अवरुद्ध होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जा रहे यात्रा वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई। यात्रियों ने अपने वाहनों में बैठकर ही हाईवे के खुलने का इंतजार किया। बीआरओ के कमांडर एसएस मक्कर ने बताया कि मारवाड़ी पुल के समीप हाईवे को सुचारु कर दिया गया है। अधिक देर तक हाईवे को अवरुद्ध नहीं होने दिया जा रहा है।