ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजधानी में बीते मंगलवार की देर रात बादल फटने के चलते मची तबाही के बाद लोगों को पांचवें दिन रविवार को भी राहत नहीं मिली। हिल व्यू कॉलोनी और शास्त्री नगर के साथ ही कावंली रोड में लोग घरों की सफाई और टूटी दीवारों को बनवाने में जुटे रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से किसी टीम के नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश दिखा।
बारिश के बाद हिल व्यू कॉलोनी में बिगड़े हालात अभी पटरी पर नहीं आ रहे हैं। शिकायतों के बावजूद जिला प्रशासन के किसी भी अधिकारी के नहीं पहुंचने के कारण लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है अनुराग चौक नाले पर कई क्षेत्रों का पानी आता है। अतिरिक्त दबाव के कारण नाला ओवर फ्लो हुआ और एशियन स्कूल की दीवार को तोड़ कर पानी घरों में भर गया। इसके कारण घरों में फर्नीचर के साथ ही खाने-पीने आदि काफी सामान खराब हो गया है। घर के बाहर खड़े चार और दो पहिया वाहन भी बहाव में काफी दूर चले गए और खराब हो गए हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अमला प्रभावित लोगों की मदद को आगे नहीं आ रहा है। वहीं शास्त्री नगर खाला, पंचपुरी, गांधीग्राम, टर्नर रोड, चंदर रोड, गोविंदगढ़, टीचर्स कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, गोविंदगढ़ के लोग रविवार को भी दिनभर घरों की सफाई करते रहे।
सोशल मीडिया में विधायक के खिलाफ आक्रोश
कांवली रोड के महेंद्र सिंह ने फेसबुक पर स्थानीय विधायक हरबंस कपूर के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कांवली रोड नदी के पुल की दीवार टूटने से घरों और दुकानों में पानी भर गया। इससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही कैंट विधायक हरबंस कपूर से भी की गई। लेकिन अभी तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
क्या कहते हैं हिल व्यू कॉलोनी के लोग
बुधवार को तो सभी आए थे, लेकिन इसके बाद न तो स्थानीय विधायक पहुंचे और न ही अधिकारी ही आए।
-नीरज नाथू, निवासी हिल व्यू कॉलोनी
अधिकारियों ने दोबारा आने का आश्वासन दिया था, लेकिन आपदा के चलते हुए नुकसान का जायजा लेने अभी तक कोई टीम नहीं आई है।
-निधि, निवासी हिल व्यू कॉलोनी
कॉलोनी में जलभराव के बाद अभी तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। घर की दीवार बनाने का कार्य कराया जा रहा है।
-उदित मोहन, निवासी हिल व्यू कॉलोनी
---
कांवली रोड के लोगों को भी नहीं मिली राहत
बिंदाल नदी का पुश्ता ढहने से पानी हमारे भवनों के अंदर तक घुस गया था। तीन दिन बाद कई बार शिकायत करने पर यहां से कूड़ा उठा।
-कमल किशोर शर्मा
बारिश के पानी से पूरी दुकान का सामान बर्बाद हो गया है। अधिकारियों से जाकर गुहार भी लगाई पर अभी तक किसी ने नहीं सुनी।
-इमराना
बारिश के कारण घर की पिछली दीवार गिर गई। तीन दिन तक पटवारी का इंतजार किया, अब खुद ही दीवार बनवा रही हूं।
-कमलेश
अभी तो बरसात का मौसम शुरू हुआ है। जिला प्रशासन और नगर निगम को समस्याओं का समाधान करना चाहिए, जिससे लोगों को परेशानी न हो।
-नूरजहां
मंगलवार को हुई बारिश से काफी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने अभी तक मौके पर पहुंचकर जायजा नहीं लिया है।
-जगन्नाथ
दीप लोक व मित्र लोक कॉलोनी में नहीं पहुंचे अधिकारी : धस्माना
देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि दीप लोक कॉलोनी व मित्र लोक कॉलोनी में जलभराव होने से परेशान लोगों की समस्या जानने अभी तक कोई भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी राहत देने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं दीप लोक कॉलोनी के नरोत्तम प्रसाद ने कहा कि सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी एक ठेकेदार से नाले में जाल डालने को कह गया था, लेकिन वह लोगों से जाल डालने के लिए रुपये की मांग रहा है। धस्माना ने जिलाधिकारी को फोन पर हालात की जानकारी दी। साथ ही छोटी बिंदाल में पुश्ता बनाने की मांग की। निवर्तमान पार्षद बीना बिष्ट ने आरोप लगाया कि विधायक हरबंस कपूर अभी तक क्षेत्र में नहीं पहुंचे।
---
बारिश प्रभावित सभी क्षेत्रों में जा रहा हूं। कुछ लोग इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं। लगातार लोगों के संपर्क में हूं।
- हरबंस कपूर, कैंट विधायक