ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
कासिगा स्कूल में चल रही प्रथम मयवंती बत्ता मेमोरियल ऑल इंडिया गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में गढ़वाल इलेवन ने मंगलवार को पंजाब को छह विकेट से शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में कर्नाटक इलेवन ने बिहार इलेवन को छह विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच गढ़वाल इलेवन और पंजाब के बीच खेला गया। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। प्रियंका के 28 रनों की बदौलत नौ विकेट पर 88 रन बनाए। गढ़वाल इलेवन के लिए निशा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। जवाब में 89 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़वाल इलेवन की टीम ने 13.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। सुनीता ने सर्वाधिक 27 और आरती ने 19 रनों का योगदान दिया। पंजाब की प्रियंका ने दो विकेट चटकाए। वहीं, दूसरा मैच बिहार इलेवन और कर्नाटक इलेवन के बीच हुआ। जिसमें टॉस जीतकर बिहार इलेवन ने पहले बल्लेबाजी की। ओपनर नवीला ने 32 और मीना ने 20 रनों का योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने नौ विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाए। टीम की पांच खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल सकीं। कर्नाटक इलेवन की नेहा ने पांच और खुशी ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक इलेवन टीम ने 11.2 ओवर में चार विकेट गवाकर मुकाबला जीता। स्वाति ने सर्वाधिक 44 और बबली ने 14 रनों का योगदान दिया।