ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मेडिकल दाखिलों की कॉमन प्रवेश परीक्षा नीट में एनआईओएस के छात्रों को भी एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। छह मई को देशभर में नीट का आयोजन किया जाएगा। पहले स्वास्थ्य मंत्रालय और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशों के चलते सीबीएसई ने एनआईओएस छात्रों के नीट आवेदन पर रोक लगा दी थी। बाद में दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों पर आवेदन का मौका मिला था।
रोक हटने के बाद एनआईओएस से 12वीं पास छात्रों ने नीट के आवेदन पत्र भरे थे। एडमिट कार्ड जारी हुए तो एनआईओएस छात्रों को मामला हाईकोर्ट में लंबित होने की वजह से एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए। इस वजह से छात्र बेहद परेशान थे। परीक्षा से कुछ दिन पहले ही अब सीबीएसई ने एनआईओएस छात्रों को भी एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। वह सभी सामान्य बोर्ड के छात्रों के साथ आवंटित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
--
समय प्रबंधन से नीट होगा आसान
सीबीएसई नीट में समय प्रबंधन सबसे अहम साबित होगा। वह भी तब, जबकि किसी भी अभ्यर्थी को अपने साथ घड़ी ले जाने की छूट नहीं होगी। केवल परीक्षा का आधा समय बीतने के बाद एक घंटी बजेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे समय में पहले से ही बिना घड़ी अपने सवाल हल करने की रफ्तार बनाए रखें। परीक्षा विशेषज्ञ वैभव राय के मुताबिक, नीट में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के कुल 180 सवाल पूछे जाएंगे। अभ्यर्थी सबसे पहले उन सवालों को हल करें, जो सबसे ज्यादा अच्छे से आते हों। इसके बाद दूसरी प्राथमिकता वाले सवालों को हल करें।