ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पूर्व राज्यसभा सांसद एवं विद्या वीरता अभियान के अध्यक्ष तरुण विजय ने देहरादून के चीड़ बाग में बन रहे शौर्य स्थल को लेकर रविवार को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से चर्चा की। इस मामले को लेकर उन्होंने रक्षा मंत्री के समक्ष पीएम नरेंद्र मोदी से हुई भेंट का भी जिक्र किया। साथ ही प्रधानमंत्री की ओर से शौर्य स्थल को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव रक्षा मंत्री को बताए।
तरुण विजय ने कहा कि सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उप थल सेनाध्यक्ष ले.जनरल शरत चंद्र, केंद्रीय कमान के जीओसी ले. जनरल बीएस नेगी इस संबंध में पूरी रुचि ले रहे हैं। वीर जवान की मुख्य मूर्ति के आधार हेतु बद्रीनाथ क्षेत्र से विशेष आधार शिला लाई गई है जो छह फीट की करीब साढ़े नौ टन वजन की है। तरुण विजय ने उत्तराखंड सब एरिया जीओसी मेजर जनरल जेएस यादव, कैंट बोर्ड के सीईओर जाकिर हुसैन के कार्यों को लेकर भी रक्षा मंत्री से चर्चा की और उनकी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि सोमवार को चीड़बाग में बदरीनाथ से आई आधार शिला की सैनिक पूजा की जाएगी।