ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
पेयजल निगम की ओर से शहर के कई इलाकों में पानी की लाइन बिछाने को खोदी गई सड़कों को ठीक न कराने पर भाजपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने निगम के मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता का घेराव कर प्रदर्शन किया। जल्द सड़कों को ठीक न कराने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को पूर्व राज्यमंत्री महेश्वर बहुगुणा और महानगर महामंत्री महेश पांडेय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता मोहिनी रोड स्थित पेयजल निगम के कार्यालय पहुंचे। मुख्य अभियंता वीसी पुरोहित और अधिशासी अभियंता सुमित आनंद का घेराव कर बताया कि माजरा, टर्नर रोड, कारगी वार्ड में पथरी बाग, मस्जिद वाली गली, नारायण विहार देहरा खास, आजाद कालोनी आदि इलाकों में पेयजल निगम की ओर पानी की लाइन डालने को सड़कें खोदी गईं, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। जिस कारण वहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। कहा कि जल्द सड़कों को ठीक न कराया गया तो वह कार्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन करेंगे। मुख्य अभियंता पुरोहित ने सभी क्षेत्रों में 29 मार्च तक सड़कें दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अनंत सागर, रमेश गौड़, आफताब सुभाष चौहान, राजपाल सिंह पयाल, अनिल सेमवाल, शिवेंद्र वालिया, सुधीर शर्मा, संजय गुप्ता, नौशाद, आलोक कुमार और इकबाल राव आदि मौजूद रहे।
...............................