ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सहारनपुर निवासी तीनों गुप्ता भाइयों से संबंधों के चलते भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति (अब पूर्व राष्ट्रपति) जैकब जुमा बृहस्पतिवार को जब इस्तीफा दे रहे थे, उस वक्त गुप्ता बंधुओं में से एक अजय गुप्ता देहरादून स्थित अपनी कोठी में थे। बताया जा रहा है कि वह यहां पिछले कई दिन से मौजूद थे। हालांकि, जैकब जुमा के इस्तीफे के एक दिन बाद ही शुक्रवार दोपहर उन्होंने दून छोड़ दिया और हेलीकॉप्टर से कहीं रवाना हो गए। अजय गुप्ता कहां गए हैं, यह जानकारी नहीं मिल पाई। काले शीशे वाली लग्जरी कार से हेलीपैड जाने के कारण यह साफ नहीं हो सका है कि अजय गुप्ता अकेले थे या उनके साथ कोई और भी था।
दक्षिणी अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद से जोहानिसबर्ग में कारोबार करने वाले सहारनपुर के मूल निवासी अजय गुप्ता उनके भाई अतुल गुप्ता और राजेश गुप्ता सुर्खियों में हैं। गुप्ता बंधुओं की देहरादून में कर्जन रोड पर ही आलीशान कोठी है। गुप्ता बंधुओं से रिश्तों के चलते भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा को बृहस्पतिवार को इस्तीफा देना पड़ा था। खबर यह भी आई थी कि अजय गुप्ता के दो भाइयाें को पकड़ लिया गया है, जबकि अजय गुप्ता गायब हैं। गुप्ता बंधुओं के बारे में पता लगाने शुक्रवार दोपहर अमर उजाला की टीम कर्जन रोड स्थित उनकी कोठी पहुंच गई। करीब 25 बीघा भूमि में बनी आलीशान कोठी में किसी को जाने की इजाजत नहीं थी। कोठी पर पुलिस की मौजूदगी देखकर लगा कि अंदर कुछ चल रहा है।
इसी बीच कोठी से ड्यूटी पूरी कर बाहर आए उत्तराखंड पुलिस के एक सिपाही से पूछा गया तो उसने खुलासा किया कि अजय गुप्ता कई दिन से कोठी में ठहरे थे। नाम नहीं छापने की शर्त पर उसने बताया कि गुप्ता शुक्रवार करीब 12.30 बजे काले रंग की लग्जरी कार से सहस्त्रधारा हेलीपैड गए हैं, जहां से हेलीकॉप्टर से उन्हें कहीं बाहर जाना है। अजय गुप्ता को शुक्रवार सुबह ही अखबार पढ़कर दक्षिण अफ्रीका में राष्ट्रपति की कुर्सी जाने के बारे में पता चला। पुलिसकर्मी के अनुसार, गेट से अंदर उन्हें भी जाने की इजाजत नहीं है। दो दिन से गुप्ता कोठी में ही थे, कहीं बाहर भी नहीं गए। पुलिसकर्मियों ने आयकर अथवा किसी दूसरी एजेंसी के कोठी में आने से इनकार किया है।
--
सहारनपुर निवासी गुप्ता बंधुओं के देहरादून में अब तक ठहरने की कोई जानकारी नहीं है। हां, यहां आने से पहले उनकी ओर से सुरक्षा के लिए पुलिस से संपर्क साधा जाता है। फिलहाल उन्हें जानकारी दी गई है कि 16 फरवरी से 18 फरवरी तक गुप्ता बंधुओं में से एक अजय गुप्ता उत्तराखंड से बाहर रहेंगे।
-निवेदिता कुकरेती, एसएसपी, देहरादून
--
गुप्ता बंधुओं को उत्तराखंड में मिली है जेड श्रेणी सुरक्षा
अपने खर्च पर ली है सुरक्षा, जून 2017 को हुआ था जेड श्रेणी की सुरक्षा का आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून।
दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में कारोबार करने वाले गुप्ता बंधुआें को उत्तराखंड में त्रिवेंद्र रावत सरकार की ओर से जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। देहरादून में कर्जन रोड स्थित उनकी कोठी पर एक प्लस चार की गारद तैनात है। गुप्ता बंधुओं ने सुरक्षा घेरा अपने खर्चे पर लिया है। बाकायदा एडवांस में पूरा पैसा जमा किया है। गुप्ता बंधुओं के दून आने पर यह सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। दक्षिण अफ्रीका में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद शुक्रवार को अजय गुप्ता उसी सुरक्षा घेरे में अज्ञात जगह रवाना हुए।
भ्रष्टाचार के आरोप में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद जोहानिसबर्ग की पुलिस को कारोबारी अजय गुप्ता की तलाश है। शुक्रवार को इस मामले में नया खुलासा हुआ कि कारोबारी अजय गुप्ता देहरादून स्थित कोठी में कई दिन से ठहरे थे। दोपहर में वह जेड श्रेणी सुरक्षा घेरे में अपनी कोठी से रवाना हुए। पुलिस कर्मी उन्हें सहस्त्रधारा हेलीपैड पर छोड़कर वापस आए।
गुप्ता बंधुओं की कोठी पर मुहैया कराई गई सुरक्षा व्यवस्था त्रिवेंद्र सिंह रावत की सरकार आने के बाद उपलब्ध कराई गई थी। अपने खर्च पर जेड श्रेणी सुरक्षा उपलब्ध कराने का आदेश 16 जून 2017 का है। शासन में अनु सचिव ज्योतिर्मय त्रिपाठी की तरफ से पुलिस महानिदेशक को गुप्ता बंधुओं को जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए थे। सुरक्षा में दो गारद, दो कमांडर, दो पीएसओ और छह पुलिसकर्मी शामिल हैं।
--
गुप्ता बंधुओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रकरण संज्ञान में नहीं है। प्रकरण सामने आएगा तो उसे देखा जाएगा। सुरक्षा प्रदान करने की एक प्रक्रिया है। विश्लेषण होता है और पूरी प्रक्रिया निभाई जाती है। इसके बाद सुरक्षा देने का निर्णय होता है। यह आवश्यकता आधार पर प्रदान की जाती है। एक निश्चित अंतराल में समीक्षा के बाद इसे घटाया और बढ़ाया भी जा सकता है।
-आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव गृह
--
आधुनिक सुविधाओं से लैस है आलीशान कोठी
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में कर्जन रोड स्थित गुप्ता बंधुओं की कोठी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। सूत्रों की मानें तो कोठी करीब 25 बीघा क्षेत्र में बनी है। कोठी में दो गेट है, मगर सुरक्षा की दृष्टि से एक गेट हमेशा बंद रहता है। अंदर आम और लीची के बाग के अलावा एक हिस्से में खासी हरियाली है। गुप्ता बंधुओं से कम लोग ही परिचित हैं, क्याेंकि वे काले शीशों की लग्जरी कारों से आवागमन करते हैं। गारद में लगे सुरक्षाकर्मियाें को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है। गुप्ता बंधुओं के पुराने और कुछ खास लोगों के ऊपर अंदर की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी है।