ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड की इशिता पंवार और आन्या चौहान की जोड़ी ने ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग प्राइज मनी बैडमिंटन प्रतियोगिता के मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की कर ली है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को जोड़ी ने हरियाणा की रश्मि पारासर व उत्तर प्रदेश की कृति सारस्वत को 15-6 व 15-18 से शिकस्त दी। प्रतियोगिता में मुख्य दौर के मुकाबले बृहस्पतिवार दोपहर बाद से खेले जा सकते हैं।
प्रतियोगिता के मुकाबले बुधवार को परेड मैदान स्थित बहुद्देश्यीय क्रीड़ा सभागार, मोथरोवाला स्थित जेपी एकेडमी और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में खेले गए। महिला युगल वर्ग में उत्तराखंड की इशिता और आन्या की जोड़ी ने शानदार खेल जारी रखते हुए हरियाणा की रश्मि व यूपी की कृति को सीधे सेटों में शिकस्त दी। इनके अलावा हरियाणा की दक्षा गौतम व पंजाब की दमनप्रीत कौर पाहवा ने उत्तराखंड की युक्ति बाली व नेहा देव को 15-8 व 15-8, दिल्ली की दीपशिखा सिंह व लिखिता श्रीवास्तव ने आंध्र प्रदेश की शारदा गोवर्धिनी व एयरपोर्ट ऑथिरिटी ऑफ इंडिया की मोहिता सहदेव को 15-13 व 15-12, असम की अस्मिता व रेलवे की कनिका कनवाल ने उत्तर प्रदेश की सिमरन चौधरी व राधा ठाकुर को 15-7 व 15-6 से हराकर मुख्य दौर में जगह बनाई।
महिला एकल वर्ग में ये रहे विजेता ; महिला एकल वर्ग के क्वालिफाइंग राउंड के अंतिम मुकाबलों में चंडीगढ़ की कंवलजीत कौर ने दिल्ली की मीनल रौतेला को 15-12 व 15-10, पश्चिम बंगाल की ईप्शिता सिन्हा ने हरियाणा की आयुषी सिंह को 15-9 व 15-12, मध्य प्रदेश की नजमा खान ने उत्तराखंड की उर्वशी रावत को 15-14, 10-15 व 15-8, तेलंगाना प्रणाली कराणी ने महाराष्ट्र की नयन ठाकरे को 7-15, 15-11 व 15-12, हरियाणा की एकता कालिया ने हिमाचल प्रदेश की छवि ठाकुर के 8-15, 15-13 व 15-6, उत्तर प्रदेश की राधा ठाकुर ने राजस्थान की हिना दास को 15-10 व 15-9, कर्नाटक की सविता ने हरियाणा की राशी वशिष्ठ को 15-10 व 15-14, उत्तर प्रदेश की शैलेजा शुक्ला ने उत्तराखंड की आन्या चौहान और प्रज्ञा सिंह ने इशिता पंवार को हराकर मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालिफाई किया।
पुरुष एकल वर्ग के विजेता ; पुरुष एकल वर्ग में मध्य प्रदेश के यमन राठौर, महाराष्ट के सिद्धेश अरोसकर, पश्चिम बंगाल के स्नेहाशीष घोष, तमिलनाडु के वेम्बारसन, उत्तर प्रदेश के दीपक शर्मा, हरियाणा के धर्मेंद्र चाहर, राजस्थान के नाजिश खान, दिल्ली के शुभम गुसांई, आंध्र प्रदेश के श्रीदत्तात्रेय रेड्डी सोमा, चंड़ीगढ़ के रवदीप सिंह, हिमाचल प्रदेश के सक्षम अवस्थी, दिल्ली के कृष्ण, हरियाणा के नवीन कुमार, राजस्थान के प्रतीक सक्सेना, उत्तर प्रदेश के अभिषक अग्रवाल, ओडिशा के स्वाधीन गौड़ा, उत्तराखंड के मोहित तिवारी, शंकर सिंह गड़िया, असम के राजदीप, राजस्थान के शिशुपाल बिश्नोई, हरियाणा के साहिल गहलोत, महाराष्ट्र के अभिषेक बोराते, राजस्थान के अंकुश जोशी, आंध्र प्रदेश के कनिष्क एम, हिमाचल प्रदेश के अभिषेक कपिला ने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।