ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी।
कैंट बोर्ड लंढौर की मासिक बैठक शनिवार को कैंट अध्यक्ष मेजर जनरल जेएस यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें 8 करोड़ 21 लाख 24 हजार का संशोधित बजट प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
बैठक में छावनी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभासदों ने अस्वीकृत कर दिया। सभासदों का कहना है कि छावनी में आम जनता को सड़क का प्रयोग करने से नहीं रोका जा सकता, इससे पूर्व कभी इस तरह का प्रस्ताव पारित नहीं किया गया। बैठक में वर्गीकृत भूमि कॉमर्शियल पर बनी दुकानों पर बेचे जाने वाले सामान की कीमतें निर्धारित करने संबंधी प्रस्ताव पर वित्त समिति का गठन किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष सहित दो निर्वाचित व दो मनोनीत सभासदों को सदस्य बनाया गया। परिषद बैठक में छावनी उपाध्यक्ष महेश चंद, सीईओ जाकिर हुसैन, सभासद बादल प्रकाश, चंद्रकला सयाना, पुष्पा पडियार, सुशील कुमार, रमेश कन्नौजिया, मनोनीत सभासद कर्नल बीके शुक्ला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं छावनी क्षेत्र में विगत कई दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों ने कैंट अध्यक्ष से गुहार लगाई है, जिस पर अध्यक्ष ने सीईओ को निर्देशित किया है कि क्षेत्र में पानी की समस्या का जल्द निस्तारण किया जाए।
अवैध निर्माण का मुद्दा उठा
छावनी परिषद की बैठक में फेयर व्यू सर्वे नं. 95 भवन के अवैधानिक निर्माण पर कर्नल बीके शुक्ला के नेतृत्व में गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट जेओसी इन चीफ को सौंपी है, जिसमें अवैध निर्माण बताया गया है। कैंट उपाध्यक्ष महेश चंद ने अवैध निर्माण को सीज करने का प्रस्ताव रखा और भवन स्वामी को नोटिस जारी करने की बात कही।
मेरठ से बुलाई एक्सपर्ट की टीम
मसूरी। लाल टिब्बा स्थित संजय नारंग के डहलिया बैंक हाउस के ध्वस्तीकरण का कार्य लगातार जारी है। कैंट बोर्ड सीईओ जाकिर हुसैन ने बताया कि भवन के टावर नंबर 2 और 6 को ध्वस्त करने के लिए मेरठ से एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई है। बिल्डिंग के नीचे एक तरफ स्विमिंग पूल और दूसरी तरफ आबादी होने के कारण ध्वस्तीकरण में सावधानियां बरतनी पड़ रही हैं।