ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
उद्यान पर्यवेक्षक संयुक्त संघर्ष समिति के बेरोजगार अभ्यर्थियों ने रविवार को उद्यान विभाग द्वारा भर्ती निरस्त करने के विरोध में परेड ग्राउंड धरना स्थल पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पूर्ववत जारी रखने की मांग की।
बेरोजगार अभ्यर्थियों ने उद्यान विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया अचानक निरस्त करने पर नाराजगी जताई। कहा कि बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही बेरोजगार अभ्यर्थियों के हित में निर्णय नहीं लिया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कहा कि विभाग अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निकाली गई पर्यवेक्षक के 95 पदों पर नियुक्ति की परीक्षा दो बार स्थगित हो चुकी है। उन्होंने परीक्षण जल्द आयोजित करने की मांग की। कहा कि परीक्षा स्थगित होने से बेरोजगारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। इस मौके पर समिति अध्यक्ष अतर सिंह, राघवेंद्र आशीष काला, मनोज मिश्रा, प्रीतम रावत, यमुना, पूनम, सुरेंद्र राणा, प्रीतम रावत, नवीन, सुरेंद्र राणा, योगेंद्र भंडारी, दिनेश, ज्योति, रोहित नेगी आदि मौजूद रहे।