स्थानीय उद्यमियों से उत्पाद खरीदेंगे ऊर्जा निगम
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संस्थान एवं इंडस्ट्रीज एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के संयुक्त एमएसएमई पखवाड़े में बृहस्पतिवार को ‘राज्य स्तरीय विक्रेता विकास कार्यक्रम’ आयोजित हुआ। इसमें ऊर्जा विभाग की संस्थाओं ने भागीदारी की।
इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि जल विद्युत निगम, उत्तराखंड ऊर्जा निगम, पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड, उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा के लिए सरकार ने क्रय वरीयता नीति बनाई है। इसके तहत स्थानीय सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से सामान खरीदा जाना है, ताकि उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। पंकज गुप्ता ने कहा कि सरकार की इकाइयां अपने यहां खपत होने वाले सामान की उद्यमियों को जानकारी दें, ताकि उद्यमी उस सामान का अधिक से अधिक उत्पादन कर सकें।
प्रमुख सचिव एमएसएमई मनीषा पंवार ने कहा कि राज्य में क्रय वरीयता नीति के अंतर्गत सभी ऊर्जा निगम आते हैं। निगम स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों से सामान खरीदेंगे, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें। ऊर्जा सचिव राधिका झा ने कहा कि राज्य के विकास में सभी निगमों को सहभागिता करनी चाहिए। राज्य का विकास स्वरोजगार के अवसर बढ़ने से ही होगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संस्थान निदेशक वीके शर्मा ने भारत सरकार की क्रय नीति की जानकारी दी। उद्योग निदेशक एससी नौटियाल, सिडबी के उप महाप्रबंधक प्रशांत सरदार, मनोज गौड़ ने भी क्रय एवं ऋण नीति की जानकारी दी। ऊर्जा निगमों के अधिकारियों ने उनके यहां खपत होने वाले उत्पादों की जानकारी उद्यमियों को दी। कार्यक्रम का संचालन राजीव अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा, मनोज गोयल, एससी मित्तल, आरएनएस रावत, काशी खंडूजा, पीयूष मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, दिनेश मुदगल, अरविंद मित्तल समेत कई उद्यमी मौजूद थे।
.