ब्यूरो/अमर उजाला/श्यामपुर।
खैरीकलां गांव में मंगलवार देर रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के झुंड ने कई किसानों की फसलें रौंद डालीं। ग्रामीणों के काफी देर तक शोर मचाने के बाद हाथी जंगल की ओर भागे। जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी ने बुधवार सुबह फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग से हाथियों को रोकने के पुख्ता इंतजाम करने व फसल का मुआवजा देने की मांग की है।
खैरीकलां गांव बीती मंगलवार रात धावा बोला था। गांव में घुसे हाथियों ने किसान उर्वादत्त भट्ट, नत्था सिंह रावत, ऋषिराम ध्यानी, मायाराम ध्यानी, रामचंद्र सिंह राणा व विक्रम सिंह मेहर की गेहूं की फसल रौंद डाली। इसके अलावा हाथियों ने कई किसानों की केले की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय निवासी बिट्टू सिंह राणा ने बताया कि हाथी गांव में झुंड बनाकर घुसते हैं। ऐसे में हाथियों को भगाना काफी जोखिम भरा होता है। हाथियों के डर से शाम को ही घरों में कैद होना पड़ रहा है।