ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सोनाक्षी स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित पहली स्व. इंदिरा देवी असवाल मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट चैंपियनशिप के उद्घाटन मुकाबले में सोशल बलूनी क्रिकेट एकेडमी (एसबीसीए) ने बारू स्पोर्ट्स को 86 रन से शिकस्त दी। एसबीसीए के हर्ष छमलवाण ने शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली।
मंगलवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ डीडीए के चेयरमैन संदीप गुप्ता ने किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसबीसीए की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 222 रन बनाए। हर्ष छमलवाण ने 54, दक्ष अरोड़ा ने 43, विकास यादव ने 25, रोहित रावत ने 22 रनों की पारी खेली। बारू स्पोर्ट्स के अवजोत ने 15 रन देकर चार और निखिल रावत ने 39 रन देकर दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बारू स्पोर्ट्स ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 37.1 ओवर में 143 रनों पर सिमट गई। आयुष देशवाल ने सबसे अधिक 41, निखिल रावत ने 20 और अवजोत सिंह ने 15 रन बनाए। एसबीसीए के शुभम भट्ट, सुजल रावत ने दो-दो, अमन कोठियाल, पार्थ द्रविड़, प्रणव गुसाईं, अविरल ने एक-एक विकेट लिया। अमित सिंह और शक्ति सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन में शुभम कुकशाल, रवि सहयोग कर रहे हैं।