ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
बाजार क्षेत्र में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग लेकर स्थानीय लोगों ने शनिवार को एसडीएम को संबोधित ज्ञापन राजस्व उपनिरीक्षक को सौंपा। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि तहसील प्रशासन जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं करता तो आंदोलन किया जाएगा।
सनातन धर्म मंदिर परिसर में शनिवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। पैसा कमाने के लालच में कुछ लोग छात्रों और कृषकों को शराब और नशीली वस्तुएं सप्लाई कर रहे हैं। ढाबों और होटलों में भी सरेआम शराब पिलाई जा रही है। इससे लोगों का मुख्य बाजार से गुजरना तक मुश्किल हो गया है जबकि, साहिया बाजार कई गांव का केंद्र बिंदु है। कार्रवाई का नाम पर विभाग अभियान चलाने की औपचारिकता करता है। इस मामले में राजस्व उपनिरीक्षक जयलाल शर्मा ने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर अवैध नशे का कारोबार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में उत्पाल्टा के प्रधान सतपाल राय, चतर सिंह चौहान, रूपराम राठौर, सतपाल सिंह, श्याम सिंह, सरदार सिंह, बलवीर सिंह, प्रताप सिंह, सुल्तान सिंह राय, मायाराम पंवार, मोहर सिंह पंवार, बारू सिंह, भगत जोशी, अतर सिंह, कुंदन सिंह आदि शामिल रहे।