एटीएम शिफ्ट किया तो होगा आंदोलन
ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
स्थानीय लोगों ने कालसी गेट मुख्य बाजार से भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को हरिपुर व्यास नहरी में शिफ्ट न किए जाने की मांग की है। इस संबंध में लोगों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी वीके तिवारी को ज्ञापन सौंप एटीएम शिफ्ट करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में कहा कई दशकों से बैंक प्रबंधन मुख्य बाजार में ही बैंक शाखा का संचालन कर रहा है। लेकिन कुछ दिन पूर्व बैंक प्रबंधन ने गुपचुप तरीके से शाखा को हरिपुर व्यास नहरी में शिफ्ट कर दिया। जिससे उपभोक्ताओं को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अब बैंक प्रबंधन एटीएम को भी शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में कालसी में महज एसबीआई का ही एटीएम कार्यरत है। अन्य किसी बैंक का एटीएम न होने के कारण उपभोक्ताओं को नकद निकासी के लिए दो किमी दूर हरिपुर की दौड़ लगानी पड़ती है। कहा कालसी में अशोक शिलालेख के साथ ही विकासखंड मुख्यालय, सेना का 22वां संस्थान, डेयरी फॉर्म, जल संस्थान, लोनिवि और वन प्रभाग कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में एटीएम शिफ्ट होने से लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मोनू वर्मा, पूरण सिंह, विक्की मल्होत्रा, गोपाल वर्मा, नवीन कुमार, दिनेश तोमर, यशपाल रोहिला, नरेश, कादिर खान, अमृता रोहिला, व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदन सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।