सर्वदलीय संघर्ष समिति ने फूंका एनजीटी का पुतला
-- कूड़ा निस्तारण की मांग को 32वें दिन भी जारी रहा धरना- प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
शहर के बीचोंबीच नगर पालिका द्वारा डंप किए जा रहे कूड़े के निस्तारण की मांग को लेकर आंदोलित सर्वदलीय संघर्ष समिति ने एनजीटी का पुतला फूंका। रविवार को उपजिलाधिकारी ने धरनास्थल पर पहुंचकर निकाय के अधिशासी अधिकारी को जल्द ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि चयनित करने के निर्देश दिए। उधर समिति का कूड़ा निस्तारण की मांग को लेकर 32वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। शहर के बीचों बीच कूड़ा डंप करने के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति का रविवार को भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक वीरेंद्र शर्मा व सहसंयोजक राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि आंदोलन के 32वें दिन रविवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल का पुतला फूंका गया। उन्होंने बताया रविवार को उपजिलाधिकारी हरि गिरि ने आंदोलन का संज्ञान लिया व धरना स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान एसडीएम ने निकाय के अधिशासी अधिकारी को जल्द ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि चयनित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बताया कि नगर में डंप कूड़े को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने पर भी विचार किया जा रहा है। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला, शिवमोहन मिश्र, अनिल, मनोज शर्मा, दीपक नेगी, सतीश कुमार, वेदप्रकाश ढींगरा, राकेश सेमवाल, हरीश आनंद, जयपाल जाटव, शीला ध्यानी, कुलदीप सिंह, धीरेंद्र सिंह, मुन्नी देवी, चंद्रकांता जोशी, भगतराम कोठारी आदि मौजूद थे।