बरसात शुरू होने के साथ डेंगू का खतरा भी मंडराने लगा है। डेंगू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। डेंगू से बचाव के लिए सभी स्कूलों को भी गाइड लाइन जारी कर दी गई है। स्कूलों में बच्चों को फुल आस्तीन की शर्ट और पैंट पहनकर आने के निर्देश दिए हैं।
पिछले चार वर्षों से क्षेत्र डेंगू के प्रकोप से ग्रस्त रहा है। बरसात शुरू हो चुकी है। जगह-जगह पानी भरा हुआ है। ऐसे में आशंका है कि डेंगू फिर से अपने डंक से लोगों को परेशान कर सकता है। डेंगू को उभरने से पहले ही उसे समाप्त किए जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए है। इसके लिए लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करना है, साथ ही रुके हुए पानी में दवाओं और मिट्टी तेल आदि के छिड़काव कराए जाने को कहा गया है। पिछले साल बच्चे भी डेंगू की चपेट में आ गए थे। इस बार जिलाधिकारी दीपक रावत ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि बच्चों की स्कूल यूनिफार्म में हाफ शर्ट के स्थान पर पूरी बाजू की शर्ट और हाफ पैंट के स्थान पर पैंट लागू करें।