देर रात कस्बे की एक स्पेयर पार्ट्र्स की दुकान मेें चोरों ने सेंधमारी कर करीब तीन लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। करतूत का पता न चले इसके लिए शातिर सीसीटीवी कैमरे भी ले उड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट्स ले लिए हैं। साथ ही पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
रुड़की तिराहे के समीप कस्बा निवासी राजीव मित्तल की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। रविवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। सोमवार सुबह जब उन्होंने शटर का ताला खोलकर देखा तो अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। आशंका है कि चोर दुकान के बराबर में लगे पेड़ से चढ़कर छत पर पहुंचे। उसके बाद उन्होंने जिन्ने की मम्टी के दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में दुकानदार राजीव मित्तल ने बताया कि चोर दुकान के गल्ले व पूजा घर में रखी पांच हजार की नगदी के साथ-साथ करीब तीन लाख रुपये का स्पेयर पार्ट्स का सामान चुरा ले गए हैं। पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए हैं। एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि दुकानदार राजीव मित्तल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।