दून अस्पताल के ओपीडी भवन में 20 अग्निशमन यंत्र लगाए जाएंगे। इसके लिए जगह चिह्नित की गई है। गर्मी सीजन में आग की घटनाओं से बचाव के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
सोमवार देर रात लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में आग लग गई थी। इसकी चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि करीब 250 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गर्मी का सीजन शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ऐसे में लखनऊ के अस्पताल में आग लगने की घटना सामने आने के बाद दून अस्पताल प्रबंधन भी सतर्क हो गया है। दून अस्पताल के एमआरआई सेंटर में भी अगस्त 2024 में आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके दृष्टिगत अस्पताल में अग्निशमन यंत्रों को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी में अभी 150 अग्निशन यंत्र लगे हुए हैं। साथ ही 80 हजार लीटर का एक वाटर टैंक भी मौजूद है। इस पर दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि अग्निशमन यंत्रों की जुलाई माह में रिफिलिंग की जाएगी। इसके अलावा जल्द ही अग्निशमन विभाग का ऑडिट भी किया जाएगा।