ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एसजेवीएन लिमिटेड की ओर से शुक्रवार को वन अनुसंधान संस्थान परिसर में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मिनी मैराथन के जरिए अधिकारियों, कर्मचारियों ने ‘ऊर्जा बचाओ-पर्यावरण बचाओ’ का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसजेवीएन लिमिटेड के महाप्रबंधक यांत्रिकी देवेंद्र बढेरा ने कहा कि हम लोग जितना अधिक ऊर्जा बचाएंगे, उतना ही अधिक पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे। कहा कि जिस तरीकेसे देश दुनिया में ऊर्जा की खपत बढ़ी है उसका सीधा असर पर्यावरण पर पड़ रहा है। पूरी दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग की समस्या बढ़ी है। इसके चलते आने वाले समय में पूरी दुनिया के सामने बड़ी समस्या हो सकती है। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी है कि पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देें। मिनी मैराथन में महाप्रबंधक वित्त एके सिंगला, वरिष्ठ अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सतीश चंद्र मिश्रा, परियोजना प्रमुख (डीएचईपी थराली) विजय ठाकुर, परियोजना प्रमुख नैटवार मोरी राजेश कुमार जगोता, परियोजना प्रमुख जेके महाजन एवं अपर महाप्रबंधक जनसंपर्क आशीष पंत, अधिकारी, कर्मचारी व परिजन शामिल हुए। मिनी मैराथन का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक पर्यावरण शिराज स्वान और उप प्रबंधक सचिन कुमार चौहान ने किया।