ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने बृहस्पतिवार को जल भवन कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर लोगों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस बाबत पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में लोगों ने जलसंस्थान की महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि शहरभर के कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत है। सेवक आश्रम रोड, संजय कालोनी, मोहिनी रोड, इंदर रोड, नई बस्ती बलबीर रोड, सरकुलर रोड, तेगबहादुर रोड, राजा रोड, नालापानी रोड, नेशविला रोड, सेंट थॉमस रोड, पटेल रोड आदि क्षेत्रों में पानी की किल्लत बनी हुई है। राजपुर क्षेत्र में कई जगह लाइनें टूटी होने से पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को गंदा और दूषित पानी मिल रहा है। ऐसे में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। डीएल रोड, आर्य नगर, अधोईवाला, भगतसिंह कॉलोनी, करनपुर, राजेश रावत कॉलोनी, नई बस्ती चंदर रोड, पूरन बस्ती, नया गांव, आराघर, अपर राजीवनगर, रेसकोर्स, कांवली रोड, ओल्ड डालनवाला, इनामुल्ला बिल्डिंग, गांधी रोड आदि क्षेत्रों में भी पानी की किल्लत है। इस संबंध में कई बार जलसंस्थान के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग ने समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर अर्जुन सोनकर, देविका रानी, मंजुला तोमर, उदयवीर मल्ल, जहांगीर खान, राजेंद्र खन्ना, सौरभ सचदेवा, शैलेंद्र थपलियाल, रजनी, आशा, मंजू, मनीष, धीरज आदि मौजूद रहे।