ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली एनडीए परीक्षा रविवार को शहर के 40 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा की तैयारियों के बाबत शनिवार को नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बीर सिंह बुदियाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियोें को निर्देशित किया कि संघ लोक सेवा आयोग के मानक के अनुसार परीक्षा की गोपनीयता, संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता को हर हाल में बनाए रखी जाए। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ ही परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। संघ लोक सेवा आयोग के जिला समन्वयक वीके सावन ने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के ड्यूटी पर पहुंचने, परीक्षार्थियों की परेशानी दूर करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की हिदायत दी। परीक्षा जिले के 40 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। प्रथम पाली प्रात: 10 से 12:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4:30 बजे तक रहेगी।