ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के मौके पर सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर लोगोें को मानवाधिकारों की जानकारी दी गई और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस सोमवार को मानवाधिकार आयोग में सभा का आयोजन किया गया। इसमें मानव अधिकार संरक्षण के संबंध में सतत कार्यरत व प्रयत्नशील रहने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर कई वादी भी उपस्थित रहे। इस दौरान कई मामलों की सुनवाई की गई और पांच मामलों का स्वत: संज्ञान लिया गया। साथ ही 12 नए मामलों में नोटिस जारी किए गए।
इस मौके पर आयोग की सदस्य डॉ. हेमलता ढाैंडियाल ने कहा कि आयोग मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। इसमें पुलिस उत्पीड़न, पर्यावरण क्षति, महिला अपराध आदि का संज्ञान लिया जाता है। उन्होंने कहा कि आयोग में बढ़ती शिकायतों से साफ है कि आम जनता मानव अधिकारों के प्रति जागरुकता दिखा रही है। आयोग के सदस्य न्यायमूर्ति अखिलेश चंद शर्मा ने कहा कि राज्य में मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए जनवरी से नवंबर तक 2090 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 1434 मामले निस्तारित कर दिए गए हैं।
छात्रों को बताए मानव अधिकार
देहरादून। विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर विल फील्ड स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उनके मूलभूत मानव अधिकारों की जानकारी दी गई। प्राधानाचार्य राकेश काला ने कहा कि भारत का संविधान देश के सभी नागरिकों को मानव अधिकारों की गारंटी देता है। इसे तोड़ने वालों को सजा भी देता है। इस अवसर पर स्कूल की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर गीता काला, जूली वर्मा, शाजिया फरहत, ज्योति, हिमानी गोदियाल, आशा पांडे, राखी, पल्लवी, प्रतिभा आदि मौजूद रहीं।
मानव अधिकारों की दी जानकारी
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज के विधि विभाग की ओर से मानव अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल व डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना मौजूद रहे। इस दौरान विधि विभाग की डीन डॉ. पारुल दीक्षित ने मानव अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर विधि विभाग के डॉ. जेएस चांद पूरी, डॉ. वीके त्यागी, डॉ. रीता पांडेय, डॉ. अपूर्व मावई, डॉ. सोहम वाजपेयी, डॉ. हरप्रीत कौर, नवीन राणा एवं अधिवक्ता अरुण खन्ना उपस्थित रहे।