अब प्रधानाचार्य दे सकेंगे 15 दिन की सीसीएल
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शिक्षा विभाग ने सीसीएल (चाइल्ड केयर लीव) के मामले में माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत हजारों शिक्षिकाओं के लिए राहत भरा बदलाव किया है। शिक्षामंत्री अरविंद पांडे की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब 15 दिन तक की चाइल्ड केयर लीव प्रधानाचार्य स्तर से ही मिल सकेगी।
शिक्षा विभाग में कार्यरत महिला शिक्षकाें को पूर सेवाकाल के दौरान दो साल का सीसीएल लेने का अधिकार है। अभी तक चाइल्ड केयर लीव की स्वीकृति देने का अधिकार खंड शिक्षाधिकारियों के पास था। ‘चाइल्ड केयर लीव’ स्वीकृति का अधिकार प्रधानाचार्यों को दिए जाने के बाबत राजकीय शिक्षक संघ कई साल से संघर्षरत था। आखिरकार शिक्षक संगठनाें व महिला शिक्षकों की मांग को देखते हुए शिक्षा विभाग ने नीति में बदलाव कर दिया है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि 15 दिन तक की चाइल्ड केयर लीव स्वीकृति का अधिकार प्रधानाचार्यों को दे दिया है। इससे अधिक अवकाश की स्वीकृति खंड शिक्षाधिकारी के स्तर से ही की जाएगी।