हरेला में पौधे लगाने वाले होंगे सम्मानित
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। धाद की ओर से चलाए जा रहे एक माह के हरेला महोत्सव के दौरान पौधे लगाकर उनकी सबसे अच्छी देखभाल करने वालों को एलआईसी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। पौधारोपण और उनके संरक्षण व संवर्द्धन को बढ़ावा देने के लिए धाद के साथ मिलकर एलआईसी यह पुरस्कार देगा। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया पार्टनर है।
बृहस्पतिवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कोटडा संतोर में एलआईसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक पीके सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। पुरस्कार से छात्र छात्राएं पौधों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा प्रोत्साहित होंगे। एलआईसी की ओर से 100 छात्र-छात्राओं को हरेला अंबेसडर बनाकर बैच लगाए गए।
विमला नेगी और रीता भंडारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। सहसपुर ब्लाक प्रमुख रंजीता असवाल तोमर ने कहा कि हमारी संस्कृति में पेड़ पौधों की भी पूजा की जाती है। चंद्रप्रकाश नैथानी ने कहा कि उत्तराखंड ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश में उदाहरण प्रस्तुत किया है। सद्भाव कुंज वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष नरेश मियां ने धाद के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विकास बहुगुणा, प्रभाकर देवरानी, यशवंत सिंह नेगी, शशि बाला पंवार, लक्ष्मी प्रसाद कैलखुरा, प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र उनियाल, रेनू शर्मा, कैलाशपति मैठाणी, तन्मय ममगाईं आदि शामिल रहे।
--
राइड फॉर हरेला 12 को
धाद की ओर से 12 अगस्त को सुबह छह बजे से राइड फॉर हरेला का आयोजन किया जाएगा। जानकारी देते हुए युवा धाद के सचिव बीरेश ने बताया कि साइकिल रैली इंद्रमणि चौक घंटाघर से शुरू होकर राजपुर रोड स्थित र्साइं मंदिर और वापस घंटाघर तक आयोजित होगी। रैली में 16 वर्ष तक के स्कूली बच्चों की साइकिल रेस भी आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए 10 अगस्त शाम आठ बजे तक पंजीकरण कराना होगा। साइकिल रैली सुबह सात बजे से शुरू होगी। साइकिल रैली के विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9897868450 और 7830841278 पर संपर्क कर सकते हैं।