कानूनी माता-पिता की सरपरस्ती में पलेंगे भाई-बहन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। आईटी पार्क के पास झाड़ियों में मिले नवजात जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली को खोजने में पुलिस को सफलता हाथ नहीं लग सकी है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि पड़ताल का सिलसिला अब भी जारी है। उधर जल्द ही इन बच्चों को कानूनी माता-पिता मिलने वाले हैं। पुलिस-प्रशासन के सूत्रों के दर्जनों आवेदनों में से एक दंपति का चुनाव हो चुका है। जल्द ही बच्चे उन्हें सौंप दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि गत 21 मई को राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क की झाड़ियों में दो नवजात बच्चे (एक लड़का व एक लड़की) मिले थे। पुलिस ने उन्हें महिला दून अस्पताल में भर्ती कराया था। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में संवेदनहीनता दिखाई थी और 36 घंटों तक मुकदमा तक दर्ज नहीं किया। इसके बाद जब मामला एडीजी के संज्ञान में आया तो उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए। इस पर राजपुर थाना पुलिस ने अपनी ओर से प्रकरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लगभग 15 दिन इलाज के बाद बच्चों को शिशु निकेतन में दाखिल करा दिया गया। इस दरम्यान पुलिस बच्चों को जन्म देने वाली मां की तलाश में जुटी थी।
कई लोगों से पूछताछ के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली तो बच्चों के पास से मिली चादर को पहचानने का अभियान चलाया गया। इस चादर को भी क्षेत्र के सैकड़ों घरों में ले जाया गया, मगर कोई नतीजा नहीं निकल सका। इसके पुलिस की जांच ठंडे बस्ते में चली गई। वहीं इस बाबत एसओ राजपुर व बच्चों के अभिभावक अरविंद चौधरी ने बताया कि अभी भी कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस बीच बच्चों को गोद लिए सैकड़ों लोग उत्सुक नजर आए। कई दंपतियों ने पुुलिस से तो कई ने नेताओं की सिफारिश से बच्चों को हासिल करना चाहा। हालांकि कुछ दंपति सही माध्यम से प्रशासन के पास पहुंचे तो उनकी अर्जी पर सुनवाई हुई। सूत्रों के मुताबिक एक दंपति का चुनाव हो चुका है। इस दंपति के रहन-सहन, आय-व्यय आदि का आंकलन करने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही बच्चों को इन्हें सौंप दिया जाएगा।